थाना क्षेत्र के गांव भदौरा निवासी लखपत सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा प्रजीत सिंह शराब पीने का आदी है। शराब पीकर अपनी पत्नी मीनाक्षी देवी व परिजनों से झगड़ा और गाली गलौज करना उसकी आदत हो गई है। मंगलवार सुबह उसकी पत्नी मीनाक्षी ने अपने पति प्रजीत से कहा कि सुबह से शराब मत पियो नहीं तो मायके चली जाऊंगी। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मायके छोड़ने के बहाने महिला को ले गया था आरोपी पति
कुछ देर बाद आरोपी प्रजीत अपनी पत्नी को मायके छोड़ने की बात कहकर घर से ले गया। रास्ते में गांव प्याना कलां बिजली घर के निकट आरोपी पति मीनाक्षी को सड़क किनारे स्थित खेत में खींचकर ले गया। इस दौरान उसने महिला पर गंडासे से वार करने शुरू कर दिए। जिसमें वह घायल हो गई। पत्नी मीनाक्षी ने विरोध करते हुए शोर मचाया जिस पर वहां से निकल रहे राहगीर मौके पर आ गए। उन्होंने आरोपी से महिला को बचाया। साथ ही पति प्रजीत को गंडासे सहित पकड़ लिया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ उसके ही पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसका बुधवार को चलन कर दिया जाएगा। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।