गाजियाबाद। हरदेव सहाय मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने अपने मकान पर बिकाऊ है, का पोस्टर लगा दिया। आरोप है कि एक सपा नेता का भाई उनकी हत्या कराना चाहता है। उसने नकाबपोश बदमाशों को भेज कर उनको धमकी दिलाई है। यह भी आरोप है कि जीडीए से लेकर पुलिस विभाग में शिकायत की गई है लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। नगर कोतवाली में दी गई शिकायत में राजीव जैन ने कहा कि उनके मोहल्ले में दो प्लॉट हैं, जिनको सपा नेता के भाई ने गोदाम बना दिया है। इसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी व अन्य सामग्री रखी गई है। इसमें आग लगने से कभी भी बड़ी घटना हो सकता है। इस संबंध में उन्होंने जीडीए के अधिकारियों को शिकायत दी लेकिन वहां से कोई भी कार्रवाई नहीं की। अग्निशमन विभाग से इसकी एनओसी तक नहीं ली गई है। अब आरोपी उनसे खुन्नस रखने लगा है। शुक्रवार रात को वह घर जा रहे थे तभी दो नकाबपोश बदमाशों ने उनको रोककर धमकी दी कि ज्यादा नेता बनेगा तो हत्या कर दी जाएगी और कोई बचाने भी नहीं आएगा। इसी वजह से अब उन्होंने अपने मकान पर बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया। कार्यवाहक एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता से बात की गई है। मकान बिकाऊ का पोस्टर लगने की जानकारी नहीं है।