सोशल मीडिया पर तालिबानी तरीके से ऑटो चालक को पीटने का रविवार को वीडियो वायरल हुआ। वीडियो टीलामोड़ थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी के तिथि हॉस्पिटल के पास का बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्वीट पर हुई शिकायत का संज्ञान लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 19 सेकेंड के वीडियो में एक महिला समेत चार लोग ऑटो चालक को ऑटो से बाहर निकालते हैं। एक युवक चालक की टांग पकड़ता है जबकि दूसरा डंडे से चालक के ऊपर प्रहार करता है। बेरहमी से चार से पांच बार पूरी जान से डंडे मारता है। इसी बीच टांग पकड़ने वाला युवक ईंट उठाकर मारता दिखता है। उसके बाद लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी चालक को बेसुध अवस्था में गली की ओर ले जाते हैं।
डीसीपी ट्रांस हिंडन शुभम पटेल ने बताया कि ऑटो चालक को बुरी तरह से पीटने का मामला जानकारी में आ गया है। थाना प्रभारी को आरोपियों की पहचान कराने के लिए बोला गया है जबकि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।