कांवड़ यात्रा से पहले शिव भक्तों के लिए नगर निगम ने सड़कों पर पैचवर्क तो करा दिए, लेकिन डिवाइडरों पर लगे स्ट्रीट लाइट पोल खतरा बने हुए हैं। इन स्ट्रीट लाइट पोल से बिजली के नंगे तार बाहर निकले हुए हैं।
बरसात के दिनों में यह तार खंभे से टकराए तो करंट उतरने पर बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। दुहाई से यूपी बार्डर तक नगर निगम क्षेत्र में ही हजारों विद्युत पोल हादसे को दावत दे रहे हैं, लेकिन निगम अधिकारी इस खतरे को लेकर गंभीर नहीं हैं।
पहली बार सड़कों में हुआ सुधार
यह पहला मौका है जब कांवड़ यात्रा से पहले ही नगर निगम ने टूटी सड़कों पर पैचवर्क करा दिया है। जस्सीपुरा से दूधेश्वरनाथ मंदिर तक मार्ग अब चकाचक हो गया है। वहीं एनएच-58 से आर्य नगर चौक होते हुए पुराने बस अड्डे तक का मार्ग और आर्य नगर चौक से जीटी रोड तक के मार्ग पर अब छोटे-छोटे चार-पांच गड्ढे बचे हैं। बाकी जगह निगम पैचवर्क करा चुका है। ऐसे में इस बार श्रद्धालुओं को टूटी सड़कों पर नहीं चलना पड़ेगा।
डिवाइडर पर सोए कांवड़िया तो हो सकता है हादसा
कांवड़ियों के लिए शहर में 50 से ज्यादा शिविर लगाए जाते हैं, लेकिन शिवरात्रि से तीन-चार दिन पहले भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि शिविरों से बाहर कांवड़ियों को सड़क और डिवाइडर पर भी सोना पड़ जाता है।
लेकिन इस बार डिवाइडरों पर लगे स्ट्रीट पोल की हालत ज्यादा खराब हैं। उनसे निकल रहे बिजली के तार डिवाइडर पर सोने वाले कांवड़ियों के लिए हादसे की वजह बन सकती है।
बीओटी फर्मों को करना है मेंटेनेंस
नगर निगम ने अधिकांश मार्गों का रखरखाव बीओटी पैटर्न पर प्राइवेट फर्मों को दिया हुआ है। इन्हीं फर्मों को न केवल स्ट्रीट लाइट की मेंटेनेंस करनी है, बल्कि पोल का भी रखरखाव करना है। इन खुले तारों को टेपिंग कराना भी इन्हीं फर्मों की जिम्मेदारी है।
प्रकाश विभाग के कर्मचारियों को लाइटें ठीक कराने और खुले तारों पर टेपिंग के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के कर्मचारी सर्वे कर रहे हैं। - अब्दुल समद, नगर आयुक्त
अफसरों ने की कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा
एडीएम प्रशासन और एसपी ग्रामीण ने बुधवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीएम प्रशासन जयशंकर मिश्रा, एसपी ग्रामीण राकेश कुमार पांडेय और एसडीएम अतुल कुमार ने बुधवार दोपहर तहसील में अफसरों के साथ बैठक की।
इसमें पावर कारपोरेशन के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार और रजनीश कुमार ने अधिकारियों को बताया कि गंगनहर कांवड़ मार्ग पर ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग का काम जारी है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जेके शर्मा ने कहा कि कांवड़ मार्ग समतल करने और मार्ग के दोनों ओर की झाड़िया को काटने का कार्य पूरा हो चुका है।
मुरादनगर से जानी तक सड़क मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। एसडीएम ने बताया कि कांवड़ियों के लिए मोदीनगर में केवल एक तरफ ही शिविर लगाने की स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने हेल्थ अफसरों को शिविरों में तैयार होने वाले भोजन की नियमित जांच करने के आदेश दिए।
बाद में एडीएम प्रशासन, एसपी देहात और एसडीएम ने गाजियाबाद की सीमा कादराबाद से राज चौराहे तक और उसके बाद निवाड़ी रोड से रावली रोड मुरादनगर तक कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में पुलिस-प्रशासन के अलावा पालिका परिषद, विद्युत, हेल्थ, पीडल्ब्यूडी, एनएच-58 और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण
मुरादनगर। पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर बुुधवार को गंगनहर से टीला मोड़ लोनी तक मार्ग का निरीक्षण किया। एडीएम प्रशासन जेएस मिश्रा, एसपी देहात आरके पांडे ने बताया कि रावली रोड चुंगी नंबर तीन चौकी पर कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पाइप लाइन मार्ग पर जगह-जगह पुलिस पिकेट तैनात रहेगी।