रावलपिंडी ज्वैलर्स शोरूम में हुई डकैती का मामला केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह तक पहुंच गया है। सोमवार को पीड़ित ज्वैलर के साथ वीवीआईपी ज्वैलर्स एसोसिएशन और गाजियाबाद सराफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय गृहमंत्री से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की।
ज्वैलरी शोरूम में दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि गाजियाबाद में कारोबार करना मुश्किल हो गया है, अपराध काफी बढ़ रहा है। गृहमंत्री ने यूपी डीजीपी से फोन पर बात की और वारदात के जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया।
ज्वैलर्स ने गृहमंत्री से कहा कि वारदात को दो दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। आए दिन व्यापारियों के साथ वारदातें हो रही हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है।
रावलपिंडी ज्वैलर्स के मालिक का कहना था कि पुलिस रोज उनसे एक जैसे ही सवाल पूछ रही है। बदमाशों को पकड़ने के बजाय उन्हें रोज शोरूम में आकर परेशान किया जा रहा है। इस दौरान रावलपिंडी ज्वैलरी शोरूम के मालिक हरविंदर, उनके बेटे मनीष के अलावा वीवीआईपी ज्वैलर्स के संयोजक अशोक आनंद वर्मा, अध्यक्ष मोहन प्रसाद जौहरी, ऋषि सिंह, गाजियाबाद सराफ एसोसिएशन की ओर से संरक्षक राजकिशोर गुप्ता, अध्यक्ष नितिन गोयल आदि मौजूद रहे।
दूसरी तरफ, इस संबंध में एसएसपी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस सुरागकशी में लगी है। कुछ संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ जारी है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा। उधर, पुलिस को मार्केट में लगे अन्य सीसीटीवी से भी को सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने एक बदमाश का स्केच तैयार किया है, जिसे दिल्ली-एनसीआर के थानों में भेजकर बदमाश की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।