महानगर के स्कूलों और इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुक्रवार को होली की छुट्टियां हो गई। होली की छुट्टी से पहले जहां स्कूलों में बच्चों ने अपने अंदाज में एक-दूसरे और रास्ते पर आने-जाने वालों को खूब रंग लगाया। वहीं, होली का सबसे ज्यादा उल्लास इंजीनियरिंग कॉलेजों में देखने को मिला।
होली की छुट्टियों के साथ ही स्टूडेंट्स की घर रवानगी भी शुरू हो गई। घर जाने वाले अपने साथियों को बाकी स्टूडेंट्स ने रंगों से पूरी तरह सराबोर कर दिया। छात्रों के साथ छात्राएं भी अपने दोस्तों को रंग लगाने से पीछे नहीं रहीं। गुलाल के साथ ही पक्के रंगों से होली खेलने में भी स्टूडेंट्स पीछे नहीं रहे।
होली खेलने के बाद रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर स्टूडेंट्स ने रुख किया। खाली हॉस्टल में गिने-चुने स्टूडेंट्स ही बचे।