रंगों के त्योहार होली से पूर्व आज रात में विधि विधान से होलिका दहन होगा। महिलाओं ने व्रत रखकर होली पूजा की तो पुरुषों ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद देर रात तक मुहूर्त के अनुसार, नगर से लेकर देहात तक होलिका का दहन होगा। इस दौरान लोगों ने गेहूं की बालियां भूनकर एक-दूसरे को वितरित की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
होलिका दहन से पूर्व बृहस्पतिवार सुबह महिलाओं ने व्रत रख नए वस्त्र पहनकर होली के मंगल गीत गाते हुए होलिका दहन स्थल पर पहुंची और होलिका माता की पूजा की। महिलाओं ने कच्चे सूत से परिक्रमा लगाकर घर में बनाए पकवान गूलरी, पूड़ी, हल्दी, थी, गुझिया और रोली-चावल आदि से पूजा की।
वहीं, अपने परिवार तथा पुत्र की दीर्घायु के लिए मनौती मांगी। पूजा के बाद घर पहुंचकर घर में स्थापित की गई होली का पूजन किया। रात में विधि-विधान से होलिका का दहन किया जाएगा। जिले में दो हजार से अधिक स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया जाएगा।
जिले भर में 1600 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगा। नगर के होली चौक, सराफा बाजार, चौक बाजार, बूरा बाजार, मोहल्ला साठा, शांति नगर, दुर्गापुरम कालोनी, चांदपुर रोड, यमुनापुरम, देवीपुरा, राधा नगर, टीचर्स कालोनी, शास्त्री नगर, राम विहार, आवास विकास समेत जगह-जगह होलिका दहन होगा।