- लोनी विधायक भी पहुंचे थाने पर धरनारत कार्यकर्ताओं को समर्थन देने, जल्द गिरफ्तारी की मांग
- सड़क पर कार खड़ी होने के दौरान हुआ था विवाद, लोनी कोतवाली के टोली मोहल्ले में हुई घटना
लोनी। कोतवाली क्षेत्र के टोली मोहल्ला में बुधवार दोपहर रास्ते में खड़ी कार को लेकर हुए विवाद में दो युवकों के साथ विशेष समुदाय के लोगों ने मारपीट की गई। मामले ने तूल पकड़ा और आरोपियों गिरफ्तारी के लिए हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता दोपहर बाद लोनी थाने में धरना देने पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, लेकिन वह देर रात तक लोग थाने के बाहर ही बैठे रहे। उधर, देर रात को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की और इसके बाद ही कार्यकर्ता धरने से उठे।
राम विहार कॉलोनी बंथला निवासी सुमित सूद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी मोहित के साथ बाइक से इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित कार्यालय पर जा रहे थे। रास्ते में एक गाड़ी खड़ी होने के कारण उन्हें रुकना पड़ा। उसे हटवाने को लेकर कार सवार युवक से कहासुनी हो गई। उसने फोन कर अपने विशेष समुदाय के साथियों को बुला लिया। आरोप है कि कार सवार ने साथियों संग मिलकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
सुमित का आरोप है कि उसे बचाने आए मोहित के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और उसकी सोने की चेन झपट ली। साथ ही मोबाइल फोन भी छीन लिया। आरोप है कि युवकों ने पिस्टल की बट से उनके चेहरे पर वार कर घायल कर दिया। इस दौरान वह बेहोश होकर गिर गए। मौके पर पहुंचे गौरव ने बचाव के दौरान आरोपियों से एक पिस्टल छीन ली, लेकिन आरोपियों ने उसे वापस ले लिया। सुमित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट, लूट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। उधर, हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी अमित प्रजापति साथियों के साथ थाने के बाहर ही धरने पर जाकर बैठ गए और देर रात तक धरना चलता रहा।
देर रात को धरने की सूचना पर लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर भी थाने पर धरनारत हिंदू रक्षादल के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उनके आने की सूचना पर एसीपी लोनी रामकिशन भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि उक्त आरोपी दिल्ली के धरने में भी शामिल हुए थे और 6 मामले भी उस पर दर्ज हैं। एसीपी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।