इंदिरापुरम।
थानाक्षेत्र के वसुंधरा इलाके में संचालित रेस्तरां पर बृहस्पतिवार को हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। उनका कहना था कि सावन माह में श्रद्धालु कांवड़ लेकर निकलते हैं। ऐसे में मांस से बने खाद्य उत्पादों की बिक्री से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। वहीं, पूरे माह के लिए रेस्तरां में बिक्री बंद करने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बातचीत के बाद पुलिस ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को वापस भेजा। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जिस रेस्तरां पर हंगामा किया गया वह शहर के बीच में है। न तो वह कांवड़ यात्रा के मार्ग में है और न ही वहां से कांवड़ियों का निकलना होता है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल जांच की जा रही है तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।