गाजियाबाद। आज शाम सात बजे से कल सुबह पांच बजे तक हिंडन नदी के पुल का मरम्मत कार्य किया जाना है। ऐसे में रोटरी गोलचक्कर से नागद्वार के मध्य 10 घंटे तक सभी रास्ते बंद रहेंगे। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन घोषित किया है।
डीसीपी त्रिगुण बिसेन ने बताया कि नागद्वार से रोटरी गोलचक्कर होते हुए एलिवेटेड मार्ग से दिल्ली जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। ये वाहन करहेड़ा कट से पुराना जीटी रोड होते हुए हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन तक आएंगे। यहां से रोटरी गोलचक्कर होते हुए एलिवेटेड मार्ग से दिल्ली की ओर रवाना होंगे। रोटरी गोलचक्कर से नागद्वार होते हुए हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की तरफ से दिल्ली या अन्यत्र जाने वालों का रास्ता भी बदला है। ये वाहन हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन से होते हुए पुराना जीटी रोड होकर करहेड़ा कट या मोहननगर की तरफ से गंतव्य की ओर जाएंगे।
दिल्ली की ओर से एलिवेटेड मार्ग होते हुए रोटरी गोलचक्कर होकर नागद्वार की ओर ओर जाने वाले वाहन इस दौरान मेट्रो स्टेशन से होते हुए पुराना जीटी रोड होकर करहेड़ा कट या मोहननगर होकर अपने गंतव्य को रवाना किए जाएंगे। ये डायवर्जन शुक्रवार की सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा।