नगर के स्याना चौपले पर लकड़ी से भरे ट्रक से तेज रफ्तार बस की टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उनकी गंभीर दशा को देखकर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार को निजी बस का चालक दिल्ली से सवारी लेकर मुरादाबाद की ओर जा रहा था। बस में काफी यात्री सवार थे। जैसे ही बस गढ़ के स्याना चौपला पर पहुंची तो अचानक स्याना रोड की ओर से आए लकड़ी से भरे ट्रक से बस टकरा गई। अति व्यस्तम चौराहे पर भी बस की रफ्तार काफी तेज थी, इस कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी के साथ चीख पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर के गांव लाडपुर निवासी उषा, असम निवासी अनिता, नवीन कुमार, बहराइच निवासी अमरजीत सिंह, रामपुर निवासी राहुल घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस चौकी के निकट से शुरू होती है डग्गामारी
जिस स्थान पर ट्रक से बस की टक्कर हुई है, वहां पर पुलिक चौकी बनी हुई है। लेकिन सोचने की बात है कि चौकी के निकट से डग्गामार वाहन चालक आसानी से सवारी भरते है। इतना ही नहीं यहां पर इन वाहनों से अतिक्रमण होता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को आने जाने में दिक्कत होती है।
- दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है। जांच का दोषी चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
- वरूण मिश्रा, सीओ