साहिबाबाद। संपत्ति कर पर हाईकोर्ट के फैसले से टीएचए के लोगों में निराशा है। आरडब्ल्यूए फेडरेशन और इंदिरापुरम व्यापार मंडल ने इसका विरोध किया है। अब लोग इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में विभिन्न फेडरेशन ने लोगों से सहमति लेनी शुरू कर दी है।
फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए पदाधिकारी जय दीक्षित ने बताया कि वह लोग जल्द ही इस मामले में बैठक कर नई कार्य योजना तैयार करेंगे। सोशल मीडिया के जरिए फेडरेशन पदाधिकारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं और उनसे आगे की कार्ययोजना पर सुझाव भी मांग रहे हैं। इंदिरापुरम व्यापार मंडल के पदाधिकारी किशोर ठाकुर ने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा करने और विरोध की रणनीति तय करने के लिए जल्द ही व्यापारियों की एक बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में तय किया जाएगा कि कानूनी लड़ाई के साथ ही लोग किस तरह नगर निगम को अपना फैसला वापस लेने के लिए कह सकेंगे। व्यापारियों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर वह लोग सड़क पर भी उतरेंगे। इससे पूर्व बैठक कर सभी के साथ विमर्श किया जाएगा। वहीं फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी इस संबंध में पत्रकार वार्ता कर अपनी नई रणनीति भी लोगों को बताएंगे।