लखनऊ हाईकोर्ट की खंडपीठ में तैनात एवं गाजियाबाद के प्रशासनिक न्यायमूर्ति शबीउल हुसनैन ने रविवार को गाजियाबाद कोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दीवानी कोर्ट से लेकर परिसर तक में सफाई व्यवस्था की भी जांच की। बाद में उन्होंने जीटी रोड पर बनी नवनिर्मित जजों की आवासीय सोसायटी के भवनों का भी निरीक्षण किया।
प्रशासनिक न्यायमूर्ति के आगमन की तैयारी करीब एक माह से कोर्ट में चल रही थीं। इसके लिए कोर्ट परिसर में रंगाई पुताई के साथ ही पार्कों की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही प्रशासनिक न्यायमूर्ति रविवार सुबह करीब 11 बजे कोर्ट परिसर पहुंचे और निरीक्षण शुरू किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जजों की सोसायटी में बने 60 आवासों का उद्घाटन 28 जनवरी को किया जाएगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डीबी भोसले इन भवनों का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गाजियाबाद कोर्ट में नई कोर्ट के निर्माण के लिए बजट पास हो चुका है।
जल्द ही इसे जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश रामकृष्ण उपाध्याय, एडीजे फर्स्ट सत्यप्रकाश त्रिपाठी, सीबीआई विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी, सीजेएम अरविंद यादव, कोर्ट मैनेजर मनोज मिश्रा समेत अन्य न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।