कांवड़ियों को वितरित किए हेलमेट व रिफ्लेक्टर जैकेट
गाजियाबाद। सुरक्षा के मद्देनजर तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने एनजीओ की मदद से शनिवार को कांवड़ियों को हेलमेट व रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित किए। मेरठ रोड तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में आईजी आलोक कुमार सिंह, डीएम अजय शंकर पांडेय, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी श्लोक कुमार, एसपी देहात नीरज कुमार जादौन, एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह, आदि मौजूद रहे। आईजी ने कहा कि इस पहल से लोग यातायात नियमों के प्रति जागरूक होंगे। साथ ही हेलमेट व रिफ्लेक्टर जैकेट से बाइक सवार कांवड़ियों का सफर भी सुरक्षित रहेगा। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि शनिवार को मेरठ तिराहा पर करीब पांच सौ कांवड़ियों को हेलमेट तथा इतने ही कांवड़ियों को रिफ्लेक्टर जैकेट बांटी गई। रविवार को भी यह क्रम जारी रहेगा।