महाराजपुर टू डाबर तिराहा रूट पर शार्ट कट से कौशांबी होकर आने-जाने वाले हैवी व्हीकल चालक अब ऐसा नहीं कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस लॉ हाईट बैरियर लगाकर उन्हें रोकेगी। यह प्लानिंग कौशांबी का जाम खत्म करने के लिए की जा रही है।
इसे अमली जामा पहनाने के लिए बुधवार को ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के अधिकारी इस क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने बताया कुछ प्राइवेट बस और ट्रक चालक महाराजपुर से डाबर तिराहा रूट की बजाय कौशांबी कालोनी से वाहनों को निकालते हैं।
कुछ ईडीएम मॉल के पीछे से तो कुछ कौशांबी पुलिस चौकी से लिंक रोड होते हुए यूपी गेट तक पहुंचते हैं। ऐसा वह शार्ट कट के चक्कर में करते हैं, क्योंकि कौशांबी बस अड्डे पर लंबे-लंबे यू टर्न बन गए हैं, जिससे उन्हें घूमकर जाना पड़ता है।
इससे कौशांबी कालोनी में जाम लग जाता है। जाम और लोगों की परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बाद तय किया जाएगा कि कौन-कौन सी जगहें बैरियर लगाए जाएंगे। बता दें कि कौशांबी पॉश कालोनियों में शुमार है, जिसमें 25 टावर हैं, जिनमें करीब डेढ़ लाख की आबादी रहती है।