हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला आवास विकास चौराहे के पास कार व बाइक की भिड़ंत हो गई। इस दौरान बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार तहसील चौराहे से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल पर कार को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार की शाम मोइनुद्दीन (35) बाइक पर सवार होकर तहसील चौराहे से घर लौट रहे थे। बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला आवास विकास चौराहे के पास पहुंचने पर उनकी बाइक व कार की भिड़ंत हो गई। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह, जदीद चौकी प्रभारी प्रवीण चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक घटनास्थल पर अपनी कार को छोड़कर फरार हो गया था। मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कार नंबर के आधार पर पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।