गाजियाबाद। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद के धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी कोर्ट रिक्त होने से तारीख लग गई। अदालत के पीठासीन अधिकारी के तबादले के बाद अदालत खाली चल रही है। इस कारण सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई के लिए 23 दिसंबर की तारीख लगाई गई है।
अदालत से मिली जानकारी के अनुसार इमरान मसूद वर्ष 2007 में सहारनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष थे। आरोप है कि उन्होंने गैर कानूनी तरीके से नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रहते हुए नगर पालिका परिषद के खाते से करीब 40 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस मामले में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी यशवंत सिंह ने इमरान मसूद के खिलाफ 6 नवंबर 2007 में धोखाधड़ी से नगर पालिका परिषद के खाते से रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। कुछ दिन बाद ईडी ने इमरान मसूद के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा लखनऊ में दर्ज कर लिया था। जांच के बाद ईडी कोर्ट ने गाजियाबाद में केस भेज दिया था। इमरान मसूद वर्तमान में सहारनपुर से कांग्रेस से लोकसभा सदस्य हैं। बुधवार को सीबीआई/ईडी कोर्ट में इमरान मसूद के मामले में सुनवाई होनी थी। न्यायाधीश का ट्रांसफर होने की वजह से सुनवाई नहीं हो पाई।