खुर्जा कोतवाली प्रभारी राजपाल तोमर ने बताया कि मेरठ के सराय काजी गांव निवासी हेमचंद (38) उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। जिनकी वर्तमान नियुक्ति खुर्जा कोतवाली में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में थी। रविवार रात को ड्यूटी के बाद हेमचंद अपने पुलिस क्वार्टर में सोने चले गए थे। कमरे में पहुंचने के बाद वह अचानक बेहोश हो गए। साथी पुलिसकर्मी ने इसकी सूचना अन्य लोगों को दी और हेमचंद को लेकर कैलाश अस्पताल पहुंचे।
जहां से उनको हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस टीम ने उनको मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया। साथ ही परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों के अनुसार हेमचंद को ब्रेन हेमरेज हो गया था, जिसके चलते उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह का कहना है कि हेड कांस्टेबल की मौत पुलिस प्रशासन के लिए बड़ा झटका है। पीड़ित परिवार की मदद के लिए प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा।