लोनी। एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके टीला गांव के भाजपा नेता ईश्वर मावी समेत लोनी के तीन नेताओं पर परेशान करने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में महिला ने आरोप लगाए थे कि तीन लोग सोशल मीडिया पर उन्हें बहुत परेशान कर रहे है। दो भाजपा और रालोद के नेता हैं। महिला ने कानून से मांग की है कि यह लोग उन्हें परेशान कर रहे है। तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया तो वह ऊपर तक जाएंगी। महिला के वायरल वीडियो के बाद शुक्रवार को ईश्वर मावी ने वीडियो जारी कर महिला के आरोपों को झूठा बताया है।
वीडियो में उन्होंने कहा कि वह पुलिस जांच के लिए स्वयं तैयार हैं। पुलिस जहां बुलाएगी वह उस थाने में जाकर गिरफ्तारी दे देंगे। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने अभी कोई शिकायत न मिलने की बात कही है। वीडियो बिना किसी का नाम लिए ईश्वर मावी कहते नजर आ रहे हैं कि शिखंडी आखिर अपनी औकात पर आ ही गया है। मजबूर महिलाओं को अपना हथियार बनाकर उनके ऊपर वार करने की कोशिश कर रहा है। यह सभी लोगों ने अच्छी तरह देख ही लिया होगा। वीडियो में वह कह रहे हैं कि, उन्हें उस बहन से कोई शिकायत नहीं है। अपना और बच्चों का पेट पालने के लिए बहुत सारे समझौते करने पड़ते हैं। मावी ने कहा कि वह पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से वीडियो के माध्यम से कहना चाहते हैं कि आप हमारी एफआईआर लिखे या न लिखे, लेकिन उन्हें कब गिरफ्तारी देनी है और कहां देनी है बता दें। वह खुद आकर गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। वीडियो में वह आगे कह रहे हैं कि जब हम कीचड़ में उतर ही गए हैं, तो इसे साफ करके ही दम लेंगे। ईश्वर मावी ने वीडियो में दोबारा किसी का नाम लिए बिना कहा कि यह मत समझना इन आरोपों से हम डर जाएंगे, अगर डरते तो यह शुरूआत ही न होती। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है, लेकिन अभी महिला की ओर से शिकायत नहीं आई हैं।