सदरपुर स्थित अखाड़े में कुश्ती प्रतियोगिता में दम लगाते पहलवान। संवाद
- फोटो : Samvad
गाजियाबाद। सदरपुर स्थित चौधरी चरण सिंह कुश्ती स्टेडियम में युवा समिति रईसपुर-सदरपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय 657वीं श्री बलदेव छठ उत्सव कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा 2.5 लाख रुपये का मुकाबला हरियाणा के अमन और खड़खड़ी के रमित के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों पहलवानों को 1.25-1.25 लाख रुपये का इनाम दिया गया।
पार्षद ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 1500 से अधिक पहलवानों ने हिस्सा लिया। दो दिनों में करीब 600 मुकाबले खेले गए। पहलवानों ने विभिन्न दांवपेच आजमाकर प्रतिद्वंद्वियों को चित किया और इनाम अपने नाम किए।
दिपांशु और अंकित का एक लाख का मुकाबला भी बराबरी पर
दिपांशु और अंकित के बीच एक लाख रुपये का मुकाबला भी बराबरी पर रहा। दोनों पहलवानों को 50-50 हजार रुपये का इनाम दिया गया। वहीं, बम्हेटा के शक्ति और दौराला के प्रियांशु अहलावत के बीच 51 हजार रुपये का मुकाबला भी बराबरी पर छूटा।
पहले दिन भी हुए तीन बड़े मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन तीन बड़े मुकाबले हुए। इनमें बम्हेटा के बादल व हरियाणा के दिपांशु और बम्हेटा के शक्ति व दिल्ली के अंकित गुर्जर के बीच मुकाबले बराबरी पर रहे। तीसरे मुकाबले में सदरपुर के गुड्डू ने दिल्ली के अंकित को हराकर 31 हजार रुपये का इनाम जीता। इस दौरान जितेंद्र कुमार पम्मी, रबिया ठेकेदार, गोबी चौधरी, सुनील कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।