डीपीआर तैयार होने के बाद प्राधिकरण ने योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अगस्त में होने वाली बोर्ड बैठक के लिए भी तैयारी कर ली गई है। इसके बाद सितंबर तक रेरा की मंजूरी मिलने पर योजना को लॉन्च कर दिया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने बताया कि बुधवार को डीपीआर का प्रेजेंटेशन किया जाएगा। पहले फेज में 48 हेक्टेयर क्षेत्र में योजना लॉन्च की जाएगी। इसमें लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और जरूरी संसाधन विकसित किए जाएंगे।
पहले फेज में दो ग्रुप हाउसिंग
प्राधिकरण सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि पहले फेज में दो ग्रुप हाउसिंग को शामिल किया गया है। आने वाले फेज में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही योजना में प्राधिकरण का पहला गोल्फ कोर्स भी शामिल है। हरनंदीपुरम में आने वाली टाउनशिप में सितंबर के बाद जमीन की नीलामी शुरू की जाएगी। सोसायटी व अन्य आवासीय क्षेत्र विकसित करने के साथ ही परिवहन सुविधाएं तैयार करने पर भी काम किया जा रहा है। प्राधिकरण की योजना टाउनशिप को ई-बसों के माध्यम से नमो भारत और मेट्रो से जोड़ने की है।
150 हेक्टेयर से अधिक जमीन का अधिग्रहण
यह योजना करीब 500 हेक्टेयर में विकसित की जानी है। बीते अक्तूबर तक इसमें सिर्फ करीब 15 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण हुआ था। 10 महीने में यह बढ़कर 150 हेक्टेयर से अधिक हो गया है। इसके अलावा प्राधिकरण को 100 हेक्टेयर जमीन पर सहमति भी मिल गई है। अधिकारियों के अनुसार, योजना के इसी वर्ष तीन फेज लॉन्च करने के लिए जमीन उपलब्ध हो चुकी है। योजना को विकसित करने के साथ ही शेष जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है। उपाध्यक्ष ने बताया कि हरनंदीपुरम के साथ एयरोसिटी योजना पर भी काम किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद एयरोसिटी के लिए अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।