गाजियाबाद। हापुड़ मोड़ को सिग्नल फ्री कर लोगों को जाम से राहत दी जाएगी। इसके लिए यहां दो यू-टर्न बनाए जाएंगे। इसके लिए आरएफपी जारी की गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर आलोक रंजन ने बताया कि हापुड़ मोड़ पर ट्रैफिक समस्या का समाधान करने की योजना तैयार की गई है। फ्लाईओवर के ऊपर से जाना वाला ट्रैफिक सामान्य रहेगा। नीचे हापुड़ रोड से जीटी रोड पर जाने वाले ट्रैफिक को यू-टर्न के माध्यम से निकाला जाएगा। इससे ट्रैफिक बिना रुके निकल सकेगा।
हापुड़ रोड और जीटी रोड पर बनेंगे यू-टर्न
चीफ इंजीनियर ने बताया कि हापुड़ तिराहे को सिग्नल फ्री करने के लिए जीटी रोड पर फ्लाईओवर के नीचे बैरिकेडिंग की जाएगी। इससे जीटी रोड पर चलने वाले ट्रैफिक को सिग्नल पर रुकना नहीं होगा। योजना में एक यू-टर्न हापुड़ रोड और दूसरा जीटी रोड पर दिया जाएगा। इसमें हापुड़ रोड से जीटी रोड पर आने और जाने के लिए इन टर्न का प्रयोग होगा। इससे वाहन बिना रुके चलते रहेंगे। इसके साथ साथ यहां सड़क को दुरुस्त किया जाएगा, इससे वाहनों को निकलने में अतिरिक्त स्थान पर मिले। उन्होंने बताया कि अभी वाहन सिग्नल पर रुकते हैं।
आठ चाैराहे बेहतर होने के साथ दो अंडरपास भी होंगे तैयार
जीडीए ने हापुड़ तिराहे के साथ साथ शहर के आठ प्रमुख चौराहों को ट्रैफिक के लिहाज से बेहतर करने का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, आरडीसी आरओबी नीचे और डीपीएसजी फाटक के पास अंडरपास बनाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार चुने गए स्थानों पर छोटे बदलाव कर ट्रैफिक को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है।