हापुड़ के बाबूगढ़ थाना अंतर्गत हाइवे 09 पर हुए भीषण हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। जबकि कार में सवार दो साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी परिवार मुरादाबाद में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था। सुबह 4.00 बजे जैसे ही कार हाईवे पर गांव रसूलपुर कट के पास पहुंची तो किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी।
इससे एक महिला समेत कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस कार सवारों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के दौरान कार में एक ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
टायर फटने के कारण ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। हादसे के दौरान कार में पीछे से एक अन्य ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें कार सवार मोहित निवासी हरथला सोनकपुर थाना सिविलाइन मुरादाबाद, पुष्पम, नीतू, शानवी(6) निवासी राजापुरी दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो वर्षीय बच्ची कायरा गंभीर रूप से घायल है। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाड़ी को कटवाकर निकाले शव
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कार में ही शव फंस गए थे। पुलिस ने मौके पर दो बड़े हाईड्रा को बुलाया और किसी तरह कार को दोनों केंटरों के बीच से निकलवाया। कार की बॉडी को गैस वेल्डर से कटवाकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।