आज 5 गांवों में 28 केंद्रों पर लगवाई जाएगी वैक्सीन
हापुड़। जिले के पांच गांवों में 28 केंद्रों और शहर के 12 बूथों पर सोमवार को 4000 लोगों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन का स्टॉक मिलने के बाद अभियान को दोबारा तेजी देने का फैसला लिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर और गांव के हर व्यक्ति को टीका लगाने के लिए एप्रोच क्लस्टर महाअभियान अभियान चलाया है। सोमवार को हापुड़ ब्लॉक के उपैड़ा, बाबूगढ़ छावनी, सिमरौली, ततारपुर और लालपुर गांव में 28 केंद्रों पर वृहद टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
शहर के 12 केंद्रोें पर 1550 को लगेगा दूसरा डोज
पिछले कुछ दिन से जारी वैक्सीन की किल्लत के कारण लोगों को टीकाकरण के लिए इंतजार करना पड़ रहा था। रविवार को अवकाश की वजह से टीकाकरण नहीं हुआ। सोमवार को स्लॉट बुक कराने वाले युवाओं के साथ ही 45 साल की उम्र पार कर चुके लोगों का तत्काल पंजीकरण कर टीका लगाया जाएगा। शहरी क्षेत्र के बूथों पर 1550 लोगों को दूसरा डोज दिया जाएगा।
----
इन गांवों में चल चुका है अभियान
क्लस्टर में अभी तक गांव भमैडा, नूरपुर, लुखराड़ा, भड़ंगपुर, काकोड़ी, भिम्यारी, दयानतपुर, गढ़ी, नली, मुदाफरा, बाडली, कोटा, अट्टा, उदयपुर, हाफिजपुर, रमपुरा, अल्लीपुर, रसूलपुर, बनखंडा, कुचेसर चौपला, शाहपुर जट्ट, गोहरा, औरंगाबाद गांवों में अभियान चला है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इन गांवों में करीब 95 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। जल्द ही इन गांवों में शत प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
और तेज होगा अभियान
अब प्रचुर मात्रा में वैक्सीन मिल रही है। क्लस्टर बनाकर तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। आने वाले दिनों में अभियान में और तेजी आएगी। -डॉ संजीव कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, हापुड़।