डिवाइडर से टकराई कार, एयरबैग ने बचाई जान
पिलखुवा। नेशनल हाईवे स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई । कार के एयरबैग खुल जाने के कारण उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की जान बच गई। इस हादसे का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस घटना की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के अनुसार गाजियाबाद निवासी मोहन नामक व्यक्ति अपने एक साथी के साथ गढ़मुक्तेश्वर से लौट रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके चलते कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर बने डिवाइडर से टक्कर के बाद कार का एयरबैग खुल गया और कार सवार दोनों व्यक्तियों की जान बच गई उक्त मामला छिजारसी टोल प्लाजा के निकट का बताया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान और टोल प्लाजा प्रबंधक शेषनाथ ने ऐसी किसी दुर्घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।