सावन के पहले सोमवार पर अलर्ट, नहीं होगा गंगा स्नान
गढ़मुक्तेश्वर। शासन के निर्देश पर सावन मास के पहले सोमवार पर गंगा नगरी में स्नान और बाहरी लोगों के आगमन पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। केवल दाह संस्कार और अस्थि विसर्जन के लिए ही लोग बृजघाट आ सकेंगे।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर और सीओ पवन कुमार ने बताया कि सावन माह में शासन द्वारा कांवड़ यात्रा और गंगा स्नान पर रोक लगा दी गई है। जिसके अनुपालन में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बृजघाट पर भी कांवड़ मेले और स्नान पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। आज सावन माह का पहला सोमवार है, जिसके मद्देनजर गंगानगरी में धारा 114 और महामारी अधिनियम का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। गंगानगरी और गंगा तट पर जाने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह बंद करा दिया गया है। सभी मुख्य स्थानों पर पुलिस समेत पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि आषाढ़ पूर्णिमा की तरह आदेशों के अनुपालन में लापरवाही बरती गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम और सीओ ने सावन मास में गंगा नगरी में पूरी सख्ती के साथ शासन के आदेशों का पालन करने की बात कही है। वहीं गंगा स्नान करने और कांवड़ भरने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसडीएम ने कहा कि गंगा नगरी में केवल अंतिम संस्कार और अस्थि विसर्जन करने वालो को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।