निर्माण पर रोक हटने के 15 दिन बाद यूपी गेट से विजयनगर दो-दो लेन शुरू होगी
गाजियाबाद। प्रदूषण के कारण निर्माण कार्य पर लगी रोक हटने का एनएचएआई को इंतजार है। एनएचएआई ने दावा किया है कि निर्माण पर लगी रोक हटने के 15 दिन बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यूपी गेट से विजयनगर तक दो-दो लेन को यातायात के लिए शुरू कर दिया जाएगा। यूपी गेट से डासना तक के दूसरे चरण के निर्माण की समय सीमा मई 2020 है, लेकिन एनएचएआई ने जल्द रोक हटने पर इस चरण को मार्च 2020 तक पूरा करने की बात कही है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के कार्य की प्रगति और जमीन विवाद के निपटाने को लेकर मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम की समीक्षा बैठक में डीएम गाजियाबाद, डीएम मेरठ व एनएचएआई के आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जानकारी देते हुए एनएचएआई के परियोजना निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण में यूपी गेट से डासना तक 62 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एनएचएआई को इंतजार प्रदूषण के चलते निर्माण कार्य पर लगी रोक के हटने का है। अगर दिसंबर तक रोक हटती है तो मार्च 2010 तक दूसरे चरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।
यूपी गेट से डासना तक नौ अंडरपास लगभग बनकर तैयार है। निर्माण कार्य पूरा होने के साथ इनको भी खोल दिया जाएगा। दो-तीन अंडरपास पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से शुरू हो गई है। निर्माण कार्य पर लगी रोक हटने के 15 दिन बाद यूपी गेट से विजयनगर तक दो-दो लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इससे एनएच-9 से गुजरने वाले लाखों वाहनों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यूपी गेट के पास हिंडन से गुजरकर एलिवेटेड रोड पर वाहन चढ़ते हैं। वाहनों की निर्बाध आवाजाही व एनएच-9 पर सीधा चढ़ने के लिए 300 मीटर की रैंप का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा।
दुर्घटना पर लगेगी लगाम, डासना से हापुड़ तक बढ़ेगी पेट्रोलिंग
बीते दिनों दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के तीसरे डासना से हापुड़ के सेक्शन में पिलखुवा एलिवेटेड रोड पर एक कार के खड़े वाहन में घुसने से पूरे परिवार की मौत हो गई थी। एलिवेटेड रोड पर पशुओं के चढ़ने और आगामी कोहरे के सीजन में दुर्घटनाएं की संभावना बढ़ने का मामला बैठक में उठा। इस पर मंडलायुक्त ने एनएचएआई के अधिकारियों को इस सेक्शन पर पेट्रोलिंग बढ़ाने और टैफिक पुलिस के साथ मिलकर योजना तैयार करने को कहा है। दूसरी ओर एनएचएआई के अधिकारियों ने छिजारसी टोल प्लाजा के पास कंट्रोल रूम का निर्माण पूरा होने और सीसीटीवी शुरू होने पर सही से निगरानी हो सकने की बात कही है।
---
45 दिन में एनएचएआई को मिलेगी 19 हेक्टेयर जमीन
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के चौथे आखिरी चरण में डासना से मेरठ तक के सेक्शन में एनएचएआई को कुल 19 हेक्टेयर जमीन नहीं मिली है। डासना से शुरू होकर कुल 3.2 किमी एरिया में आने वाली रसूलपुर, सिकरोड़, डासना, नाहल और कुशलिया गांव की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया 30 दिन में पूरा करने की डीएम गाजियाबाद अजय शंकर पांडेय ने बताया कही। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 45 दिनों के अंदर जमीन को एनएचएआई को हैंडओवर कर दिया जाएगा। डीएम ने एक सप्ताह के अंदर मुआवजा बांटने की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।
---