मुठभेड़ में गोली लगने से बावरिया घायल, साथी फरार
गाजियाबाद। सिहानी गेट पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया, हालांकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। मौके से तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद कर पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ प्रथम धर्मेंद्र चौहान बताया कि सिहानी गेट एसएचओ उमेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे श्रद्धा उपवन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। सीओ का कहना है कि पीछा कर घेराबंदी की गई तो बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। फरार बदमाश की धरपकड़ के लिए घंटों कांबिंग की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान अजीत बावरिया पुत्र जंगी निवासी हैदरनगर (हापुड़) के रूप में हुई है। बदमाश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाश के खिलाफ डकैती, लूट, चोरी आदि के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।