मुरादनगर। पुलिस ने लोनी की आसियाना सिटी में छापा मारकर तमंचा बनाने की फैक्टरी का खुलासा किया है। मौके से एक बदमाश को गिरफ्तार कर चार तमंचे व तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाश तमंचा तैयार कर पश्चिमी यूपी व मुजफ्फरनगर में ऑन डिमांड सप्लाई करते थे।
डीसीपी ग्रामीण जोन विवेक चंद यादव ने बताया कि लोनी पुलिस को सूचना मिली कि आसियाना सिटी कॉलोनी में तमंचा बनाने की फैक्टरी चल रही है। पुलिस ने टीम का गठन कर एक बदमाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम राजू निवासी कुटवा गांव शाहपुर मुजफ्फरनगर बताया। उसने बताया कि वह आसियाना सिटी कॉलोनी में एक मकान में अपने साथी सुहैब के साथ मिलकर फैक्टरी चलाता है। राजू तमंचा बनाता है, जबकि सुहैब बेचने का काम करता है। पकड़ा गया बदमाश ऑन डिमांड तमंचा बनाने का काम करता है, तमंचा खरीदने वाले के स्थान पर ही डिलीवरी दी जाती है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस फरार बदमाश सुहैब की तलाश में लगी है।