हरियाणा के रामपुर पटौदी निवासी दूल्हा समीर चौहान का रिश्ता पिलखुवा के पबला रोड निवासी अनिल तोमर की बेटी काजल तोमर से हुआ। बीते रविवार की शाम दूल्हा बरात लेकर पिलखुवा के रेलवे रोड स्थित बालमुकुंद आनंद स्वरुप धर्मशाला में पहुंचा। सोमवार की सुबह विदाई के समय दुल्हन ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर की लैंडिंग रामलीला मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर हुई। करीब 11:30 बजे नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर से विदा हुआ। शादी के बाद जब विदाई का समय आया तो दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से विदा हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों के चेहरे पर उत्सुकता और खुशी झलक रही थी। परिवारवालों के साथ-साथ वहां मौजूद लोगों के लिए यह शादी यादगार बन गई।
समीर चौहान ने बताया कि उन दोनों की इच्छा थी कि अपनी शादी को यादगार बनाएं। इसी वजह से उन्होंने हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेने जाने का फैसला किया। इस अनोखी शादी के दौरान परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। हेलीकॉप्टर देखने के लिए स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जमा हुई।