फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद के बाशिंदों को सौगात: खोड़ा, लोनी और मुरादनगर को जोड़कर बनेगा ग्रेटर गाजियाबाद, CM योगी ने की घोषणा

Thu, 26 Jun 2025 09:48 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, गाजियाबाद

सार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गाजियाबाद एक ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में अपनी नई यात्रा प्रारंभ कर रहा है। इसके लिए उन्होंने जन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है। सभी विभाग इस दिशा में काम कर रहे हैं। कुछ नई पहल करने के लिए भी कहा गया है। 
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गाजियाबाद में भी अब ग्रेटर गाजियाबाद बनेगा। यहां के खोड़ा, लोनी, मुरादनगर क्षेत्र इसका हिस्सा होंगे। सबको जोड़कर गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाया जाएगा। इसकी जानकारी बृहस्पतिवार को जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी है। वह कैलाश मानसरोवर भवन में मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले जत्थे को रवाना करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गाजियाबाद एक ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में अपनी नई यात्रा प्रारंभ कर रहा है। इसके लिए उन्होंने जन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है। सभी विभाग इस दिशा में काम कर रहे हैं। कुछ नई पहल करने के लिए भी कहा गया है। ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में खोड़ा, लोनी, मुरादनगर को जोड़कर गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एक वृहद कार्ययोजना इसके विकास के लिए बनाने के लिए कहा है।

इसके साथ ही बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की कार्रवाई की भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यहां के विकास के मुद्दों, बुनियादी सुविधाओं, रोजगार के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई है। विश्वास है कि विकास की ये यात्रा डबल इंजन की सरकार में इसी प्रकार आगे बढ़ेगी। जन प्रतिनिधियों के सुझाव व उनकी किसी भी पहल को प्रशासन धरातल पर उतारने का प्रयास करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उठाए गए कदमों का ही परिणाम है कि गाजियाबाद हराभरा हुआ है। यहां ग्रीनरी बढ़ी है। गाजियाबाद अब एक शुद्ध व सुंदर सिटी के रूप में आगे बढ़ रहा है। एक नई यात्रा आगे बढ़ रही है। जगह-जगह कूड़े के ढेर, पहाड़ समाप्त हुए हैं। मियाबाकी फॉरेस्ट व सिटी फॉरेस्ट का नया मॉडल देखने को मिल रहा है।

सभी विभागों को जोड़ेगा इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स का काम भी चल रहा है। यहां जनपद मुख्यालय के साथ ही जिले के अन्य सभी विभागीय मुख्यालयों को एक छत के नीचे लाने की व्यवस्था होगी। पुलिस कमिश्नरेट का भी मुख्यालय होगा, जहां से लोगों की सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिए बेहतर काम हो सकेगा।

जीडीए बनाएगा स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीसीसीआई ने यहां पर बहुत पहले स्टेडियम बनाने के लिए जमीन ली थी, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ पाया। इसलिए तय हुआ है कि उस जमीन का उपयोग अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण करेगा। प्राधिकरण वहां पर एक स्टेडियम बनाएगा और उसका संचालन भी करेगा।

उत्तराखंड भवन, पूर्वांचल भवन लोगों के लिए खुलेंगे
जिले में मानसरोवर भवन के साथ ही बने उत्तराखंड भवन व पूर्वांचल भवन का उपयोग शुरू करने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। उन्होंने बताया कि लोग इन भवनों का उपयोग करना शुरू करें, इसके लिए विकास प्राधिकरण व नगर निगम को एक मॉडल बनाने के लिए कहा गया है।

हिंडन नदी के पुनरुद्धार का कार्य आगे बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंडन नदी के पुनरुद्धार के कार्य को आगे बढ़ाना है। यह नदी कभी यहां की पहचान थी। समीक्षा बैठक में नदी के पुनरुद्धार की कार्रवाई, प्राकृतिक पद्धति से उसके शुद्धीकरण पर चर्चा की गई है। साथ ही नदी के दोनों ओर व्यापक पौधरोपण व एक पेड़-मां के नाम पर लगाने की कार्रवाई के कार्यक्रम को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाने के मुद्दों पर भी बात हुई है।

कभी अपराध व गैंगवार की फिल्में बनती थीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद के बारे में धारणा अब बदली है। इसी गाजियाबाद के नाम पर कभी अपराध व गैंगवार की फिल्में बनती थीं। आज यह गाजियाबाद विकास, स्वच्छता व सुव्यवस्था का एक मॉडल बनकर उभर रहा है। दुनिया की जो 50 स्वच्छ सिटी हो सकती हैं, उनमें गाजियाबाद का भी नाम आ रहा है। प्रदेश के पहले स्वच्छ शहर के रूप में भी गाजियाबाद का नाम आ रहा है। आज से दस वर्ष पहले कोई सोचता नहीं था कि गाजियाबाद 12 लेन के ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के साथ जुड़ेगा। कोई नहीं सोचता था कि देश की पहली रैपिड रेल गाजियाबाद से होकर जाएगी और उससे जुड़ने वाला गाजियाबाद पहला शहर होगा। आज गाजियाबाद के पास अपनी मेट्रो, एयरपोर्ट भी है।
विज्ञापन

कैलाश मानसरोवर यात्रियों को किट देकर किया रवाना
सुबह सीईएल के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे पहले जत्थे को किट देकर रवाना किया। उन्होंने सभी यात्रियों का अभिनंदन करते हुए सुखद व मंगलमय यात्रा की कामना की। कहा कि सभी लोग सकुशल वापस आएं। उत्तर प्रदेश के यात्रियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ही ये कैलाश मानसरोवर भवन बनाया गया है। आज 200 से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा का हिस्सा बनने आए हैं।

यह भी पढ़ें- बदमाश पर भारी पड़ी अकेली महिला: मोबाइल झपटकर भाग रहे लुटेरे को स्कूटी से खींचकर गिराया, पुलिस ने आरोपी पकड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें