बीमार लोगों इलाज मुहैया करवाने वाले सरकारी अस्पताल खुद बीमारी की वजह बन सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में इस बात का खुलासा हुआ है। जिला एमएमजी और संयुक्त जिला अस्पताल के अलावा शहर में 30 जगहों पर डेंगू के लार्वा पाए गए हैं।
एक हफ्ते तक चले सर्वे में एमएमजी अस्पताल में और संयुक्त जिला अस्पताल की जांच-पड़ताल की गई। इसमें एमएमजी अस्पताल स्थित स्टाफ क्वार्टर में और संयुक्त जिला अस्पताल में वार्ड के पास रखे बर्तन के पानी में डेंगू का लार्वा पाया गया है।
इसके अलावा कविनगर, राजनगर, पुराने बस अड्डे, सहित शहरी क्षेत्रों से विभिन्न स्थानों में डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया है। इनमें अधिकतर जगहों पर कूलर में, फ्रिज के डिफ्रास्ट ट्रे में, एसी डक्ट में या एसी से गिरने वाला पानी जहां एकत्र होता है वहां, गमलों और टायरों में डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया है।
लार्वा मिलने वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव कर लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि अभी बरसात के बाद डेंगू का सबसे अधिक खतरा रहता है इसलिए सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है।
अभी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और पंफलेट आदि भी बांटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगला सर्वे अभियान बैंक एटीएम और सरकारी भवनों का किया जाएगा।