मोदीनगर। गोविंदपुरी कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने दो फैक्टरियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। बाइक सवार बदमाश और उनका साथी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फैक्टरी संचालकों ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
नगर निवासी संदीप कुमार की ताला फैक्टरी और अनिल कुमार की कपड़ा फैक्टरी गोविंदपुरी क्षेत्र में है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब एक बजे बाइक सवार बदमाशों ने फैक्टरियों के ताले तोड़कर वहां से लाखों रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। बताया कि बदमाश चोरी का सामान बोरे में भरकर बाइक से ले गए। बदमाशोेें ने सामान ले जाने के लिए बाइक से कई चक्कर लगाए। बदमाशों का एक साथी बाहर खड़ा होकर रेकी करता रहा। संचालकों ने थाने में घटना की तहरीर दी है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।