मोदीनगर। निवाड़ी के सुहाना-असदपुर नांगल मार्ग पर रविवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने दवा लेकर लौट रही महिला से सोने के कुंडल लूट लिए। निवाड़ी में तीन दिन में लूट की यह दूसरी घटना है। तीन दिन पूर्व बदमाशों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य और उनके परिवार से नकदी व बाली लूट ली थी।
असदपुर नांगल गांव निवासी सरिता देवी ने बताया कि रविवार को वह दवा लेने मोदीनगर गई थीं। शाम के समय दवा लेकर लौट रही थीं। सरिता पैदल ही सुहाना-असदपुर नागल मार्ग से होकर घर जा रही थीं, तभी रजवाहे की पटरी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धमकाते हुए सोने के कुंडल लूट लिए। महिला ने शोर भी मचाया मगर, बदमाशों का कोई पता नहीं लग सका। भाकियू नेता सतेंद्र त्यागी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र घटनाओं को खुलासा नहीं हुआ तो उनका संगठन आंदोलन करेगा। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।