गाजियाबाद। ब्लाॅक के एक गांव में सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से छेड़खानी करने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों ने स्कूल के अंदर घुसकर शिक्षक को पीटा। मौके पर पुलिस और खंड शिक्षा अधिकारी पहुंचे। छात्रा के परिवार ने अभी पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है। मंगलवार को एबीएसए छात्रा और उसके सहपाठियों के बयान दर्ज करने के लिए स्कूल में जाएंगे।
सोमवार को मध्य अवकाश के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शिक्षक पर एक छात्रा के साथ छेड़खानी का पारोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी शिक्षक ने छोटी बच्चियों से गलत हरकत की, जिसकी वजह से उसका तबादला किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि छात्रा ने उनको शिक्षक के गलत हरकत करने की बात बताई है। शिक्षक छात्राओं को डबल मीनिंग में संबोधित भी करता है। मौके पर एबीएसए जमुना प्रसाद और पुलिस भी पहुंच गई।
तब तक छात्रा अपने घर जा चुकी थी। पुलिस ने छात्रा के परिवार से शिकायत देने को कहा तो उन्होंने शिक्षा विभाग के स्तर से कार्रवाई किए जाने की बात कही। एबीएसए ने शिक्षक के अलावा स्कूल के अन्य स्टाफ के बयान दर्ज किए। एबीएसए ने बताया कि छात्राओं के बयान दर्ज होने के बाद सही स्थिति का पता चलेगा। फिलहाल पूरी घटना से बीएसए को अवगत कराया गया है। छात्रा के अभिभावकों से भी इस संबंध में बात की जाएगी।