मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मां के साथ साइकिल ठीक कराने आई युवती के साथ मनचले ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने आरोपी ने युवती की मां की पिटाई कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित एक दुकान पर साइकिल ठीक कराने गई थीं। आरोप है कि वहां खड़ा एक मनचला उनकी बेटी पर अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ करने लगा, जिस पर युवती ने शोर मचा दिया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उनकी पिटाई कर दी और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।