गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम की एक कॉलोनी में घर में घुसकर आभूषण चोरी करने का विरोध करना युवती को महंगा पड़ गया। आरोपी ने पहले युवती को जमीन पर गिराकर पीटा फिर उनके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। मामले में पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
युवती ने बताया कि वह सामाजिक संस्था चलाती हैं। उनके पिता और मां किसी काम से बाहर गए थे। माता-पिता बाहर से मुख्य दरवाजे की कुंडी लगाकर चले गए और वह अंदर अकेली थीं। तभी उनको बाहर वाले कमरे से आवाज सुनाई दी। वह जब कमरे में गईं तो देखा कि पड़ोसी युवक सेफ में रखे आभूषण निकालकर उनको अपनी जेब में रख रहा था। उन्होंने जब विरोध किया तो आरोपी ने उनको पीटना शुरू कर दिया और दुष्कर्म की कोशिश की। आरोपी ने उनके कपड़े फाड़ दिए। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। मामले में उन्होंने परिजनों के आने के बाद थाने में शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।