बिजनौर-मेरठ के किसान आज यूपी गेट पर भरेंगे हुंकार
- आंदोलन को गति देने के लिए 400 से अधिक ट्रैक्टर लेकर आएंगे किसान
- कंडेला खाप के चौधरी ने भी 200 समर्थकों के साथ आंदोलनकारियों से की मुलाकात
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। दिल्ली में किसान संसद में हुंकार भरने के साथ-साथ अब भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) यूपी गेट पर आठ महीने से चल रहे आंदोलन को भी रफ्तार देने के मूड में है। रविवार को बिजनौर और मेरठ से ट्रैक्टर मार्च में शामिल पांच हजार किसान यूपी गेट पर पहुंचकर आंदोलन में हुंकार भरेंगे। भाकियू पदाधिकारियों ने उनके स्वागत की तैयारी कर कर ली है। वहीं, शनिवार को यूपी गेट पर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन का जन्मदिन मनाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने बताया कि बिजनौर से गाजीपुर बॉर्डर के लिए पांच हजार किसानों का ट्रैक्टर मार्च शनिवार को शुरू हो गया। इसके बाद रात में किसान मेरठ के बहसूमा नगर पंचायत में आराम करने के बाद सुबह करीब सात बजे आगे बढ़ गए। मेरठ के किसान भी अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हो गए। उनका कहना है कि हाल ही में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों से आह्वान किया था कि सभी किसान ट्रैक्टरों में तेल भरवा कर तैयार रहें। इसके बाद से ही ट्रैक्टरों का काफिला गाजीपुर बॉर्डर के लिए निकल गया। हजारों किसान मवाना होते हुए मेरठ-दिल्ली रोड से मोदीनगर, दुहाई होते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचेंगे। यहां पर किसान आंदोलन स्थल पर बने मंच पर सभी किसानों को संबोधित करेंगे। भाकियू का कहना है कि इस मार्च में 400 से अधिक ट्रैक्टर शामिल होंगे। वहीं, कंडेला खाप के चौधरी ने 200 समर्थकों के साथ यूपी गेट पहुंचकर किसानों का हाल जाना और तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुंकार भरी।