बिजली की शिकायत दूर करने को बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
साहिबाबाद। बिजली की अघौषित कटौती और गलत बिल समेत अन्य समस्याओं से जिले के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा खुद हर एक शिकायत की निगरानी करेंगे। नोएडा की तर्ज पर गाजियाबाद में भी एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें ऊर्जा मंत्री, एमडी, चेयरमैन, चीफ इंजीनियर, अधिशासी अभियंता और जिले के प्रमुख, फेडरेशन, आरडब्ल्यूए समेत सामाजिक लोगों को जोड़ा जाएगा। एमडी और चीफ इंजीनियर इस ग्रुप के एडमिन होंगे। ग्रुप की हर महीने समीक्षा की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने अपने निरीक्षण के दौरान कई बार अधिकारियों से फेडरेशन, प्रमुख लोग और आरडब्ल्यूए समेत समाजसेवियों की सूची मांगी। मगर अधिकारी हर बार सूची होने की बात कहते रहे। इस पर ऊर्जा मंत्री ने तत्काल एमडी अरविंद मलप्पा बंगारी को निर्देश दिए कि व्हाट्सएप पर एक ग्रुप बनाया जाए। इसमें जनपद के हर वर्ग के लोगों को जोड़ा जाए। उनकी समस्याएं और समाधान व सुझाव ग्रुप पर मंगाए जाए। नोएडा की तर्ज पर इस ग्रुप को चलाकर उपभोक्ताओं को राहत देने का काम किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेताया कि यदि इस ग्रुप में आने वाली समस्याओं को निस्तारण करने में किसी प्रकार की कोताही बरती गई तो संबंधित अधिकारी के प्रति कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस ग्रुप की हर माह समीक्षा करने को भी कहा।
फीडर और बिजली घर पर भी बने सूची
कंट्रोल रूम में निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने न सिर्फ फीडर और ट्रांसफार्मर व लोड की जानकारी ली। बल्कि कई फीडर के इलाके और उनमें रहने वाले आरडब्ल्यूए, फेडरेशन व प्रमुख लोगों के बारे में भी पूछ लिया। इस पर अधिकारी घबरा गए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों की सूची तैयार होने का जवाब दिया, लेकिन ऊर्जा मंत्री को सूची दिखा नहीं पाए। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को कहा कि जनपद के सभी सब स्टेशन में और इलाके के हिसाब से फीडर पर प्रमुख लोगों के नाम व नंबर लिखे होने चाहिए। ऊर्जा मंत्री ने एमडी को औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और उपभोक्ताओं के साथ बैठक करने को कहा।