जीसी ग्रैंड सोसायटी ने मेंटेनेंस स्टाफ को लगवाया टीका
साहिबाबाद। कोरोना संक्रमण के खतरे को टालने के लिए इंदिरापुरम में जीसी ग्रैंड सोसायटी की एओए ने अच्छी पहल की है। मेड, गार्ड, सिक्योरिटी, सफाईकर्मी और मेंटेनेंस स्टाफ के 130 लोगों को अपने खर्च पर वैक्सीन लगवाई है। सोसायटी ने एक लाख रुपये से अधिक खर्च इनको टीके की पहली डोज लगवाई। इंदिरापुरम के कैंब्रिज स्कूल में बने वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचाने की व्यवस्था की। कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने और जरूरतमंदों के लिए उठाया गया यह सराहनीय कदम है। अपार्टमेंट ऑफ ओनर एसोसिएशन एंड फेडरेशन के संरक्षक आलोक कुमार ने अन्य सोसायटियों से ऐसे कार्य करने की अपील की है।
एओए पदाधिकारी अमरीश गर्ग ने बताया कि कोरोना संक्रमण का खतरा फैलने के बाद सोसायटी में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद संक्रमण का खतरा टलने के बाद वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा था। मगर मेड, मेंटेनेंस स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड व अन्य लोगों को टीकाकरण में काफी दिक्कत आ रही थी। उन्हें रजिस्ट्रेशन की जानकारी न होने की वजह से परेशान का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर एओए ने इन सभी का वैक्सीनेशन कराने पर विचार किया। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से इन लोगों को ई-रिक्शा में बैठकर कैंब्रिज स्कूल में बने वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचाने का काम शुरू हुआ। वहां एओए टीम के लोगों ने इनका रजिस्ट्रेशन कराकर टीकाकरण कराया। बताया गया कि दोपहर चार बजे तक सोसायटी से करीब 130 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अमरीश गर्ग के मुताबिक, पूरी स्टाफ को वैक्सीनेशन कराने और नाश्ता पानी व ई-रिक्शा की व्यवस्था कराने में एक लाख रुपये से अधिक का खर्चा आया। जिसे एओए की तरफ से वहन किया गया है। इधर, एओए फेडरेशन के संरक्षक आलोक कुमार ने बताया कि गरीब और असहाय लोगों की मदद करने का यह सराहनीय कार्य है। उन्होंने अन्य सोसायटी के लोगों से भी इस तरह मदद के लिए आगे आने की अपील की।