कर्फ्यू हटते ही दमघोंटू हो गई शहर की हवा
साहिबाबाद। कोरोना कर्फ्यू खत्म होते ही शहर की हवा दमघोंटू हो गई है। तीन दिन में हवा की गुणवत्ता दो जोन बदलकर रेड जोन में पहुंच गई है। जिले का प्रदूषण येलो से ऑरेंज और अब 38 दिन बाद रेड जोन में पहुंचा है। आने वाले कुछ दिनों में इससे राहत मिलने वाली नहीं है। बुधवार को सबसे ज्यादा एक्यूआई मानक से चार गुना अधिक 416 संजय नगर में दर्ज किया गया। गाजियाबाद में यह तीन गुना अधिक 338 दर्ज किया गया।
सोमवार को प्रदूषण येलो जोन में था। मंगलवार को ऑरेंज जोन में आया। बुधवार को रेड जोन में पहुंच गया। पांच जून को शहर का एक्यूआई 136 था जो कि चार दिन में तीन सौ के ऊपर पहुंच गया है। बुधवार को तो प्रदूषण स्तर बहुत ही तेजी से बढ़ा। संजय नगर इलाके का एक्यूआई खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। मंगलवार को संजय नगर का एक्यूआई 282 था, वह बुधवार को 417 तक जा पहुंचा। यहां पर पीएम दस का स्तर मानकों से चार गुना अधिक 416 तो पीएम 2.5 का स्तर 111 रहा। इंदिरापुरम का एक्यूआई रेड जोन में मानकों से साढ़े तीन गुना अधिक 351 रहा। इंदिरापुरम में पीएम दस का स्तर मानकों से साढ़े तीन गुना अधिक 351 तो पीएम 2.5 का स्तर 121 दर्ज किया गया। वसुंधरा का एक्यूआई सबसे कम 133 दर्ज किया गया। यहां पर पीएम दस का स्तर 325 दर्ज हुआ। यहां पर पीएम 2.5 का स्तर 133 रहा। वहीं लोनी का एक्यूआई भी तकनीकी खामियों के चलते दर्ज नहीं हुआ है।
पीएम दस के स्तर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
कर्फ्यू खत्म होते ही सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। गर्मी भी अपने चरम पर है। ऐसे में वाहनों के चलने से लगातार धूल उड़ रही है। जिसके चलते पीएम दस का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। आंकड़ों को देखा जाए तो बुधवार को सभी मॉनिटरिंग स्टेशन पर पीएम दस का स्तर बहुत ही ज्यादा रहा। संजय नगर में पीएम दस मानकों से चार गुना अधिक तो इंदिरापुरम में पीएम दस का स्तर मानकों से साढ़े तीन गुना अधिक दर्ज किया गया। वहीं वसुंधरा में भी पीएम दस का स्तर 325 तक जा पहुंचा।
जल्द राहत नहीं
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो आने वाले दिनों में लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर गाड़ियां अधिक हैं। गर्मी अधिक होने के चलते धूल उड़ रही है। इसके चलते पीएम दस का स्तर बढ़ रहा है जो कि शहर के प्रदूषण स्तर को बढ़ा रहा है। जब तक तेज हवा और बारिश नहीं होगी तब तक धूल नहीं बैठेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ेगा। आंकडे़े देखे तो अभी पीएम 2.5 का स्तर सभी मॉनिटरिंग स्टेशन के आसपास सौ से नीचे है।
एक मई को पहुंचा था रेड जोन में
आंकड़े देखे जाए तो 38 दिनों बाद शहर का एक्यूआई मानकों से तीन गुना अधिक दर्ज हुआ है। एक मई को एक्यूआई मानकों से तीन गुना अधिक 317 तक पहुंचा था। एक मई से नौ जून तक के आंकड़े देखे तो इस दौरान शहर का एक्यूआई ऑरेंज जोन में 8 बार, येलो जोन में 24 बार, दो बार रेड जोन और चार बार ग्रीन जोन में दर्ज किया गया है। 20 मई को शहर का एक्यूआई सबसे कम 46 दर्ज किया गया था।
पिछले पांच दिनों में पीएम दस का स्तर
तारीख संजय नगर लोनी वसुंधरा इंदिरापुरम
9 जून 413 000 325 359
8 जून 293 312 119 226
7 जून 184 232 186 183
6 जून 163 188 144 131
5 जून 108 127 116 111