दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी ने बैठाई जांच
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी में रहने वाले एक युवक की पत्नी और चार माह का बेटा संदिग्ध हालात में लापता हो गए। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह वह कनावनी पुलिस चौकी पर गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा तो चौकी पर खुद को दरोगा बताने वाले एक युवक ने चौकी इंचार्ज के नाम पर तीन हजार रुपये रिश्वत मांगी। पीड़ित का आरोप है कि 12 सौ रुपये देने के बाद भी उनकी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई। एसएसपी तक मामला पहुंचने पर उन्होंने मामले की जांच एएसपी इंदिरापुरम को सौंपी है। वहीं, चौकी इंचार्ज ने आरोप को निराधार बताया है।
मूलरूप से जिला छतरपुर मध्य प्रदेश के रहने वाले रघुवीर प्रसाद कनावनी में किराए पर रहते हैं। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। उन्होंने बताया है कि बुधवार दोपहर को उनकी पत्नी पुष्पा चार माह के बेटे के साथ संदिग्ध हालात में लापता हो गई। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थाने पहुंचकर शिकायत देने की बात कही। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह वह कनावनी पुलिस चौकी पहुंचे तो वहां एक एक युवक ने खुद को दरोगा आशीष चौधरी बताते हुए गुमशुदगी दर्ज कराने के नाम पर तीन हजार रुपये मांगे। आरोप है कि कथित दरोगा का कहना था कि यह रुपये चौकी इंचार्ज रविता चौधरी समेत सर्विलांस आदि का खर्च है। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने 12 सौ रुपये दे दिए। इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। आरोप है कि जब वह चौकी इंचार्ज रविता चौधरी से मिले तो उन्होंने व्यस्त होने की बात कहकर भगा दिया। इसके बाद शाम को मिलने का समय दिया। शाम को रविता चौधरी को तहरीर दी। आरोप है कि रिश्वत न देने पर उनकी रिपोर्ट नहीं दर्ज गई। शुक्रवार को मामला एसएसपी कलानिधि नैथानी तक पहुंचा तो उन्होंने पूरे मामले की जांच एएसपी इंदिरापुरम केशव कुमार को सौंप दी। साथ ही दो दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
--------
पूर्व में ट्राले के टायर बदलने को भी आया था मामला
कुछ दिनों पहले कनावनी चौकी क्षेत्र में एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई थी। इस पर उसने ट्रक को चौकी पर खड़ा कर दिया। आरोप है कि इस दौरान चौकी पर खड़े ट्रक के टायर बदल दिए गए। पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने एसएसपी से मामले की शिकायत की थी। मामले की जांच सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्र को दी गई थी। उन्होंने एसएसपी को मामले की जांच रिपोर्ट भी दे दी है।
क्या कहती हैं चौकी इंचार्ज कनावनी
कनावनी चौकी इंचार्ज रविता चौधरी ने रघुवीर प्रसाद द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि रघुवीर प्रसाद सुबह उनके पास आए थे। तब वह कोर्ट जा रही थीं। उन्होंने बताया कि शाम को चेकिंग के दौरान वह आए तो उनके पास उनकी लापता पत्नी और बेटे की फोटो नहीं थी। गुमशुदगी दर्ज करने के लिए फोटो की आवश्यकता होती है। अब तक वह फोटो लेकर नहीं आए हैं। गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उनके द्वारा किसी तरह की रिश्वत नहीं मांगी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी चौकी पर आशीष चौधरी नाम का कोई दरोगा या सिपाही नहीं है।
क्या कहते हैं एएसपी
कनावनी पुलिस चौकी पर पीड़ित की गुमशुदगी नहीं दर्ज होने की जानकारी मिली है। साथ ही रिश्वत लेकर रिपोर्ट दर्ज करने का मामला सामने आया है। एसएसपी की ओर से मामले की जांच मिली है। पूरे मामले की जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी जाएगी। - केशव कुमार, एएसपी इंदिरापुरम।