सीआईएसएफ रोड-यूपी गेट पर लगा जाम, ट्विटर में की शिकायत तो खुला
साहिबाबाद। सीआईएसएफ रोड और यूपी गेट पर वाहनों का दबाव बढ़ने से शुक्रवार सुबह वाहनों की कतार लग गई। कनावनी पुलिया के पास एलिवेटेड रोड से उतरने वाले रैंप तक वाहनों की कतार पहुंच गई। लोगों ने ट्वीट कर यातायात पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम में फंसे वाहनों को हटाया। पीक आवर्स में जाम के चलते वाहन चालक गंतव्य को देरी से पहुंचे।
सीआईएसएफ पर आए दिन वाहन चालकों को पीक आवर्स में जाम से जूझना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गाजियाबाद से नोएडा और दिल्ली जाने वाली रोड पर वाहनों की कतारेें लग गईं। देखते ही देखते वाहनों की कतार कनावनी पुलिया एलिवेटेड रोड से उतरने वाले रैंप तक पहुंच गई। जल्दी के चलते वाहन चालक रांग साइड भी चलने लगे। इससे दूसरी ओर भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। साथ ही यूपी गेट पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वाहनों की कतार लगने बाद लोगों ने कंट्रोल रूम और ट्वीट पर अधिकारियों को शिकायत दी। इसके बाद यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और फाइटर पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने में जुट गए। करीब साढे़ दस बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका। इससे वाहन चालक देरी से गंतव्य को पहुंचे। टीआई परमहंस तिवारी ने बताया कि पीक आवर्स में वाहनों का दबाव बढने के चलते और रांग साइड से आने के कारण जाम की स्थिति बनी थी। यातायात पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।
बुद्धचौक पर लाइट बंदकर निकाला गया ट्रैफिक
सुबह और शाम के समय में बुद्ध चौक पर जाम लगने के दौरान शुक्रवार को भी ट्रैफिक लाइट बंद कर के मैन्युअल संचालन किया गया। इससे जाम की स्थिति कम बनी। दो ओर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यहां पर रेड लाइट चलने के दौरान जाम लगता है।