डीएम के आदेश की कॉपी लेकर आज जयपुरिया स्कूल पहुंचेंगे अभिभावक
साहिबाबाद। डीएफआरसी की मीटिंग के बाद अब सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल के बच्चें के अभिभावक अपने फीस जमा करने शुक्रवार को स्कूल पहुंचेंगे। अभिभावकों का कहना है कि वह लोग डीएफआरसी के मुताबिक ही तय फीस लेकर स्कूल पहुंचेंगे। इस दौरान वह लोग डीएम के आदेश की कॉपी भी ले जाएंगे। वहीं स्कूल प्रबंधन फीस लेने को तैयार नहीं है।
बता दें कि पूर्व में अभिभावक डीएफआरसी के मुताबिक तय फीस लेकर जमा करने पहुंचे थे, जिसे स्कूल प्रबंधन ने लेने से इंकार कर दिया था। इसके बाद 06 दिसंबर सोमवार को जिला मुख्यालय पर डीएफआरसी की बैठक हुई। अभिभावकों का कहना है कि बैठक में जिला शुल्क नियामक समिति के सचिव ने स्कूल को लिखित आदेश जारी कर शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं के सत्र 2019-20 के लिए फीस निर्धारित की है। जिसके मुताबिक अभिभावक कक्षा 1 से 8 तक 82520, कक्षा 9 से 10 तक 85868 ,कक्षा 11 कॉमर्स और 12 कॉमर्स से 80128 रुपया और कक्षा 11 विज्ञान वर्ग और 12 विज्ञान वर्ग से 84912 लिए जाने के आदेश जारी किए हैं। पैरेंट्स एसोसिएशन का कहना है कि डीएफआरसी के इस फैसले की कॉपी उन लोगों ने स्कूल प्रबंधन को मेल कर जानकारी दे दी है। अब शुक्रवार को सभी अभिभावक आदेश की कॉपी लेकर स्कूल पर पहुंचेंगे।
स्कूल प्रबंधन का कहना
दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन का कहना है कि डीएफआरसी द्वारा पारित आदेश 09 जनवरी को उन्हें मिल चुका है। इस आदेश को स्कूल मैनेजमेंट इलाहाबाद के माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश, जो 22 फरवरी 2019 और 1 मई 2019 को स्कूल के पक्ष में जारी किया गया था, उसकी तुलना में विरोधाभासी पाते हैं। हम आदेश की समीक्षा करने और उसके कानूनी पहलुओं को समझने की प्रक्रिया में है। इसके बाद ही स्कूल मैनेजमेंट कुछ फैसला कर सकेगा।