हिंडन एयरपोर्ट के पास 345 एकड़ में विकसित होगी सिकंदरपुर योजना
साहिबाबाद। आवास विकास परिषद (आविप) शीघ्र ही हिंडन एयरपोर्ट के पास 345 एकड़ जमीन पर सिकंदरपुर योजना को विकसित करेगा। दिल्ली-वजीराबाद रोड से एयरपोर्ट जाने के बीच खाली पड़ी 220 एकड़ जमीन पर 13 आवासीय सोसायटियां बसाई जाएंगी। बाकी 125 एकड़ जमीन पर आविप सोसायटी, पार्क, क्लब, ग्रीन बेल्ट, प्ले ग्राउंड आदि बनाएगा। सीवर और पेयजल लाइन बिछाने से काम शुरू किया जाएगा।
दिल्ली-वजीराबाद रोड पर सिकंदरपुर कट के पास एयरपोर्ट का प्रवेश द्वार है। प्रवेश द्वार से लेकर एयरपोर्ट परिसर की दूरी करीब एक किमी है। प्रवेश द्वार को परिसर से जोड़ने वाली सड़क के दोनों ओर 345 एकड़ जमीन खाली पड़ी है। आविप ने यह जमीन 1998 में ही अधिग्रहित की थी। उस समय यह काफी वीरान इलाका था। अब यहां एयरपोर्ट बन गया है। जल्द ही एयरपोर्ट से उड़ान चालू होने वाली है। इससे जमीन की कीमतें बढ़ी हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसका लेआउट प्लान काफी पहले मुख्यालय को भेजा गया था। अब मुख्यालय ने प्लान को स्वीकृत दे दी है। हालांकि योजना में लैंड पूलिंग पॉलिसी के चलते लेआउट प्लान में कुछ संशोधन किया जाएगा। सहकारी आवास समितियां भी सोसायटी के जल्द निर्माण को इच्छुक हैं। आविप भी योजना बना रहा है।
बनाए जाएंगे बाजार, पार्क, क्लब, ग्रीन बेल्ट, प्ले ग्राउंड
आविप के अधीक्षण अभियंता नरसिंह प्रसाद ने बताया कि 220 एकड़ जमीन पर 13 आवासीय सोसायटियां बसेंगी। 125 एकड़ जमीन पर आविप भी अपनी सोसायटी विकसित करेगा। बस अड्डा, कामर्शियल इलाका, पार्क, क्लब, ग्रीन बेल्ट, प्ले ग्राउंड, रेस्ट हाउस आदि बनाया जाएगा। सीवर और पेयजल लाइन बिछाने से काम शुरू किया जाएगा। फिर रोड बनाई जाएगी।
किसानों की सहमति के बाद काम होगा शुरू
इस योजना में लैंड पूल पॉलिसी के तहत अब कुछ ही किसानों की सहमति बची है। बता दें कि इस पॉलिसी के तहत किसानों को जमीन का मुआवजा न देकर उन्हें उनकी जमीन का 25 फीसदी हिस्सा विकसित करके दिया जाता है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पॉलिसी में 80 फीसदी किसानों की सहमति अनिवार्य है। इस योजना में अब करीब 10 फीसदी किसानों से ही सहमति बची है। इन किसानों से बात चल रही है। जल्द ही इनकी सहमति भी मिल जाएगी। इसके बाद लेआउट प्लान में थोड़ा संशोधन किया जाएगा और काम शुरू किया जाएगा।