एनएच 9 पर जाम से जूझे वाहन चालक
साहिबाबाद। टीएचए में मंगलवार को वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। एनएच 9, जीटी रोड, सौर ऊर्जा मार्ग पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। एनएच-नौ पर खोड़ा से दिल्ली जाने वाली लेन पर दोपहर 12 बजे से दो बजे तक जाम रहा। खोड़ा से इंदिरापुरम आने वाले वाहन सवारों को उल्टी दिशा से निकलना पड़ रहा है, जिससे जाम लग रहा है। जाम के चलते कुछ मिनटों का सफर वाहन चालकों को घंटों में तय करना पड़ा।
एनएच-नौ पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर लोगों को दो घंटे से अधिक जाम का सामना करना पड़ा। अंडरपास बंद होने के कारण वाहन चालक उल्टी दिशा से गुजरने लगे। इससे जाम लग गया। वहीं वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण साहिबाबाद रेलवे अंडरपास और जीटी रोड पर भी वाहनों की कतार लग गई। वहीं जीटी रोड पर एक बस के खराब हो जाने के कारण करीब एक घंटे तक वाहन सवार जाम में फंसे रहे। टीआई परमहंस तिवारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते डायवर्जन और एनएच पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण यातायात धीमी गति से चला। यातायात कर्मी लगातार यातायात को सुचारु करने में जुटे रहे।
सौर ऊर्जा मार्ग पर पलटा ट्रक
सोमवार देर रात को सौर ऊर्जा मार्ग पर एक ट्रक पलट गया। सड़क में गहरे गड्ढे होने के कारण ट्रक पलटा है। ट्रक के बीच सड़क पर पलटने से वाहनों की रफ्तार थम गई। राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ा। रेलवे रोड के सामने सौर ऊर्जा मार्ग पर सड़क टूटी हुई है, जिसके कारण ट्रक पलट गया था।
जीटी रोड कट पर की गई बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग
कांवड़ियों के आगमन को लेकर जीटी रोड पर सभी कटों पर बांस की बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग कर दी गई है। वाहनों को गुजरने के लिए कुछ दूरी ही छोड़ी गई है। कांवड़ियों की संख्या बढ़ते ही कटों को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। साथ ही जीटी रोड पर एक लेन को बंद कर दिया जाएगा, जिससे पूरा यातायात एक ही लेन से गुजरेगा।