घायल दुकानदार की उपचार के दौरान मौत
लोनी। ट्रॉनिका सिटी आजाद एंकलेव कॉलोनी में बदमाशों की गोली से घायल हुए दुकानदार की उपचार के दौरान बृहस्पतिवार देर रात मौत हो गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कॉलोनी में रहने वाले दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद बरकतुल्लाह का शव आजाद एंकलेव उनके घर पहुंचा। परिजनों ने कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में शव को सपुर्द ए खाक कर दिया।
बता दें कि आजाद एंकलेव खुशहाल निवासी बरकतुल्लाह (39) बृहस्पतिवार रात करीब सवा नौ बजे घर में बनी किराने की दुकान पर बैठे थे। तभी पैदल आए दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके सिर में जा लगी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गए। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा साहिल शेख दुकान पर पहुंचा। तो कॉलोनी निवासी दो युवक भागते दिखाई दिए थे। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे ने कानी निवासी अब्बास और बऊआ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।