बेटे की हत्या की धमकी दे पूर्व फौजी से मांगी रंगदारी
गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र के प्रताप विहार निवासी रिटायर्ड फौजी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने घर पर चिट्ठी फेंककर एक लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर बेटे को मौत के घाट उतारने की धमकी दी। बदमाशों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लाल कपड़ा दिखाने वाले शख्स को रकम थमाने की बात कही थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रताप विहार सेक्टर-12 निवासी दिनेश सिंह नेगी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनका बेटा इंद्र सिंह नेगी बसंत कुंज स्थित एक कंसलटेंसी फर्म पर काम करता है। दिनेश सिंह नेगी के मुताबिक गत 21 अगस्त की सुबह उनके घर के दरवाजे पर एक चिट्ठी पड़ी मिली। उसमें अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया हुआ था। लिखा था कि अगर बेटे की जिंदगी चाहते हो तो 24 अगस्त की शाम तक एक लाख रुपये पहुंचा देना।
जो शख्स लाल कपड़ा दिखाकर बिस्मिल्लाह बोले, उसे दे देना रकम
दिनेश सिंह के मुताबिक चिट्ठी में लिखा था कि 24 अगस्त की शाम को वह गाजियाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-4 पर पहुंचे। वहां नई दिल्ली जाने वाली ईएमयू के पहले डिब्बे में सीधे हाथ की तरफ खड़े हो जाना। वहां जो शख्स लाल कपड़ा दिखाकर बिस्मिल्लाह बोले, उसे रकम थमाकर लौट आना।
सादा कपड़ों में पहुंची पुलिस
पता चलने पर इंद्र सिंह नेगी ने चिट्ठी दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दी। पुलिस सादा कपड़ों में निर्धारित समय पर तय स्थान पर पहुंच गई, लेकिन वहां लाल कपड़ा लिए कोई शख्स नहीं मिला। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर कांबिंग की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
अक्षरधाम मंदिर के पास युवक ने दिखाया कपड़ा
संदिग्ध के न मिलने पर इंद्र सिंह पुलिस व अपने दोस्तों के साथ ट्रेन में नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनका कहना है कि अक्षरधाम मंदिर से पहले पुल के पास एक युवक हाथ में लाल कपड़ा दिखाता हुआ मिला। वह कुछ बोल भी रहा था, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण उसकी आवाज सुनाई नहीं दे सकी। साथ ही ट्रेन चलती हुई होने के कारण वह भी नहीं उतर सके।
वर्जन ...
तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस की मदद लेकर सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
- श्यामवीर सिंह, एसएचओ विजयनगर