लोहा कारोबारी पर तानी पिस्टल, थाने पर हंगामा
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र केपटेल नगर में रविवार रात लोहा कारोबारी पर पड़ोसी ने पिस्टल तान दी। घटना को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद आरोपी फिर से झगड़ गए। सोमवार को पीड़ित कारोबारी के परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी।
पटेल नगर थर्ड में टाटा शोरूम के पास रहने वाले संजय शर्मा लोहा मंडी में लोहा कारोबारी हैं। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक उनसे बेवजह रंजिश रखता है और पिता की प्रॉपर्टी पर रौब झाड़ता है। कारोबारी का कहना है कि कई माह से आरोपी युवक उन्हें व उनके परिवार को बेवजह परेशान कर रहा है। वह रविवार रात बालाजी से घर लौटे थे। कार से सामान निकाल रहे थे कि आरोपी ने उनसे गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर युवक घर में गया पिस्टल लाकर कारोबारी पर तान दी। लोगों ने युवक को समझा-बुझाकर वहां से भेजा।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
कारोबारी के परिजन सोमवार को थाने पहुंचे। कारोबारी की बेटी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। आरोप लगाया कि उन्होंने पूर्व में पुलिस को सूचना दी थी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी से साठगांठ कर ली और उल्टे उन्हीं पर समझौते का दबाव डालने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर कारोबारी केपरिजनों को शांत किया।