जीटी रोड पर रहेगा डायवर्जन
गाजियाबाद। सावन के दूसरे सोमवार और फिर शिवरात्रि के जलाभिषेक के दौरान दो दिन गोशाला अंडरपास पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। सोमवार को जीटी रोड पर भी वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। सोमवार और त्रयोदशी पर जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के चलते घंटाघर से हापुड़ तिराहा तक सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे से ही लालकुआं से मोहन नगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को साजन मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। छोटे वाहनों और टेंपों को घंटाघर से फ्लाईओवर के ऊपर भेज दिया जाएगा। उन्हें पुल के नीचे से जाने की इजाजत नहीं होगी। इसी तरह मोहन नगर की ओर से आने वाले वाहनों को भी जीटी रोड पर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हें मुकुंदनगर के सामने से ही फ्लाईओवर पर भेज दिया जाएगा। यह वाहन घंटाघर पर जाकर उतरेेंगे और लालकुआं की ओर जाएंगे। गोशाला अंडरपास पर सोमवार को वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। शाम को त्रयोदशी का जल चढ़ना शुरू हो जाएगा। कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए गोशाला अंडरपास को एक दिन के लिए और बंद कर दिया जाएगा।